
महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह के बरी होने पर सरकार जवाब दे: यास्मीन फारूकी
सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय महासचिव यास्मीन फारूकी ने महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर के बरी होने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। यास्मीन फारूकी ने कहा कि अभियोजन पक्ष का संदेह से परे अपराध सिद्ध करने में विफल रहना जांच और अभियोजन की गंभीर खामियों को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि एक राजनीतिक रूप से प्रभावशाली व्यक्ति के विरुद्ध अनेक शिकायतकर्ताओं वाला मामला साक्ष्यों में असंगतियों, विरोधाभासों और देरी के कारण आखिर कैसे कमजोर पड़ गया। यह पूरी जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता, गंभीरता और प्रतिबद्धता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
यास्मीन फारूकी ने कहा कि सरकार केवल अदालत के फैसले का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकती, क्योंकि अभियोजन की विफलता संस्थागत असफलता को भी उजागर करती है। जब इतने गंभीर आरोप जांच और अभियोजन की कमियों के कारण न्यायिक कसौटी पर टिक नहीं पाते, तो यह धारणा मजबूत होती है कि प्रभावशाली लोगों को संरक्षण मिलता है जबकि पीड़ितों को न्याय से वंचित होना पड़ता है। यास्मीन फारूकी ने जवाबदेही सुनिश्चित करने, न्याय व्यवस्था में जनता का विश्वास बहाल करने तथा पूरे मामले की स्वतंत्र न्यायिक समीक्षा कराने की मांग की।
No Comments