गोलवलकर के उत्तराधिकारियों को हिंदुस्तान के आज़ादी के रहनुमाओं को राष्ट्रविरोधी कहने का अधिकार नहीं

सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एम. के. फ़ैज़ी ने 1937 के वंदे मातरम् प्रस्ताव को “राष्ट्रविरोधी” और “मुस्लिम तुष्टीकरण” करार देने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की कड़ी निंदा की। यह ऐतिहासिक प्रस्ताव सुभाष चंद्र बोस, जवाहरलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद और आचार्य नरेंद्र देव के नेतृत्व में तैयार हुआ था। इसे रवींद्रनाथ टैगोर की सलाह के आधार पर महात्मा गांधी ने राष्ट्रीय एकता बनाए रखने के लिए समर्थन दिया था। उस सामूहिक फैसले को राष्ट्रविरोधी बताकर अमित शाह ने, दरअसल, हिंदुस्तान के आज़ादी के इन महान रहनुमाओं को ही राष्ट्रविरोधी ठहराया है.

फ़ैज़ी ने कहा कि हिंदुस्तान के आज़ादी के रहनुमाओं का अपमान करने या इतिहास को अपनी राजनीतिक सुविधा के मुताबिक बदलने का अधिकार किसी गृह मंत्री को नहीं है। यह विडंबना है कि आरएसएस के ऐसे उत्तराधिकारी आज आज़ादी के सिपाहियों की देशभक्ति पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि आरएसएस के दूसरे सरसंघचालक एम. एस. गोलवलकर ने कहा था, “हिंदुओं, अंग्रेज़ों से लड़ने में अपनी ऊर्जा बर्बाद मत करो। अपनी ऊर्जा हमारे आंतरिक शत्रुओं, यानी मुसलमानों, ईसाइयों और कम्युनिस्टों से लड़ने में लगाओ।” ऐसी विरासत के उत्तराधिकारियों को हिंदुस्तान के आज़ादी के सिपाहियों की देशभक्ति पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।