6 दिसंबर के बाद देश में बढ़े सांप्रदायिक दंगे : जस्टिस पाटिल

अयोध्या, 24 दिसम्बर 2017: सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व इलाहाबाद हाई कोर्ट के अधिवक्ता शरफुद्दीन अहमद की रचित पुस्तक “अयोध्या राजनीतिक साजिशों का मोहरा” का रविवार को लोकार्पण किया गया इस मौके पर आयोजित सदभाव गोष्ठी में मुंबई हाई कोर्ट के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश जस्टिस बीजी कोलसे पाटिल ने कहा कि 6 दिसंबर को घटना के बाद देश में सांप्रदायिक दंगे बढ़े हैं, उन्होंने कहा कि इस देश के हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट को इतने संवैधानिक अधिकार प्राप्त हैं कि समाज को बदल सकती है फिर भी विवादित ढांचे के आरोपियों को अब तक सजा नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।अयोध्या के दंतधावन कुंड स्थित एक होटल के प्रेक्षा गृह में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मालेगाव कांड के आरोपी कर्नल पुरोहित पर संगीन आरोपों की झड़ी लगा दी उन्होंने आरोप लगाया कि पुरोहित ने इजराइल व नेपाल आदि देशों से संबंध बनाकर भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने का अभियान चलाया था। जस्टिस पाटिल यही नहीं रुके बल्कि यह भी आरोप लगाया कि कर्नल पुरोहित ने आर. डी. एक्स उपलब्ध कराया और प्रज्ञा ने विस्फोटक बनाने वाले लोगों का प्रबंध किया ।

इससे पहले केरल से आए एस.डी.पी.आई के राष्ट्रीय अध्यक्ष ए सईद ने कहा कि अयोध्या ख़ुदा का अपना शहर है यहां अनेक मंदिर मस्जिद के साथ गुरुद्वारा है और बुद्ध विहार भी है फिर भी कुछ लोगों ने इस शहर के नाम को खराब करने का काम किया इसके कारण अयोध्या खौफ का दूसरा नाम हो गया उन्होंने कहा कि पिछले 170 सालों से एक झूठी कहानी बनाकर देशभर में नफरत फैलाने की कोशिश की जा रही है लेकिन सच्चाई के आगे झूठ ठहर नहीं पा रहा है।

गोष्टी का संचालन राष्ट्रीय महासचिव मो. शफ़ी ने किया इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद कामिल, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम, हिलाल कमेटी के संयोजक मोहम्मद खालिद अहमद, अयोध्या की आवाज संस्था के संयोजक युगल किशोर शास्त्री, राम जन्मभूमि के पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास शास्त्री, अयोध्या मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सादिक अली उर्फ बाबू खान, सुप्रीम कोर्ट में पक्षकार बने इकबाल अंसारी सहित अन्य ने विचार व्यक्त किए।